चरखी दादरी सिटी थाना के सामने गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला दादरी शहर

Atal Hind6 August 20263 min read0 viewsचरखी दादरी
चरखी दादरी  सिटी थाना के सामने गैंगवार, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला दादरी शहर

 

चरखी दादरी में सिटी थाना के सामने गैंगवार: दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, 7 घायल, पुलिस ने घेरा इलाका

चरखी दादरी (अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स/06 अगस्त 2026)

charkhi dadari घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें ब्लैक स्कॉर्पियों में लहू_लुहान युवक बैठे दिख रहे हैं। वहीं, एक हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागता दिखा।
charkhi dadari घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें ब्लैक स्कॉर्पियों में लहू_लुहान युवक बैठे दिख रहे हैं। वहीं, एक हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागता दिखा।

हरियाणा के चरखी दादरी शहर में गुरुवार दोपहर सिटी थाना के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई गैंगवार ने पूरे शहर को दहला दिया। दो पक्षों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआईएमएस (PGIMS) रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

 

 

 

पुलिस के अनुसार घटना करीब दोपहर 12 बजे तहसील रोड स्थित सिटी थाना के सामने हुई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो वाहन में सवार युवक वहां पहुंचे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन हमलावर आए और स्कॉर्पियो के सामने बाइक लगाकर वाहन को रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने जान बचाने के लिए दुकानों व आसपास के भवनों में शरण ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान एक संदिग्ध हमलावर की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

घायलों में अंकित (मानकावास/चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), विजय उर्फ सन्नी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) शामिल बताए गए हैं। सभी का इलाज पहले चरखी दादरी के नागरिक अस्पताल में किया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी), डीएसपी कप्तान सिंह, डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया और शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से गोलियों के खोल और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं।

हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में मामले को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक हमले के पीछे की वजह या हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

दिनदहाड़े सिटी थाना के सामने हुई इस सनसनीखेज वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

 

Share:

Comments

Leave a comment