चिराग पब्लिक स्कूल नरवाना में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों व शिक्षकों का हुआ सम्मान

www.atalhind.com22 May 20262 min read0 viewsजींद
चिराग पब्लिक स्कूल नरवाना में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों व शिक्षकों का हुआ सम्मान
चिराग पब्लिक स्कूल में किया गया प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन
नरवाना /22 मई /नरेन्द्र जेठी
चिराग पब्लिक स्कूल नरवाना के प्रांगण में एक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय हर साल इसी तरह अपनी अनमोल प्रतिभाओं को सम्मानित करता आया है, जिन्होंने अपनी पढाई में जहाँ भी रहे, सफलता अर्जित की। इसी परंपरा को निभाते हुए इस विशेष अवसर पर विद्यालय के उन सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही, विद्यालय के उन पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से नवाजा गया, जिन्होंने दूसरे विद्यालयों में जाकर भी बोर्ड की परीक्षा में शानदार स्थान प्राप्त किया और अपने माता-पिता के साथ-साथ चिराग पब्लिक स्कूल की मजबूत शैक्षणिक नींव का नाम रोशन किया। समारोह में इन प्रतिभावान विद्यार्थियों, उनके प्रेरक अभिभावकों और इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे दिन-रात एक करने वाले विद्यालय के सभी कर्मठ शिक्षकों व सहयोगी स्टाफ को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
मानव मित्र मंडल की ओर से बच्चों और विद्यालय का हौसला बढाने आए मुख्य अतिथि आदरणीय महावीर गुप्ता एवं बाहर से आए सभी सम्मानित अतिथियों, सदस्यों और अभिभावकों का विद्यालय ने हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी गरिमापूर्ण उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढाई।
इस अवसर पर विद्यालय डायरेक्टर प्रवीण गुप्ता ने सभी होनहारों और अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि संस्था बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
प्रबंधक समिति हमेशा सभी अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यालय के सभी कर्मचारियों को इस तरह के आयोजनों के लिए प्रेरित करती है और समय-समय पर उनका मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सम्मानित करती है, क्योंकि समिति का मानना है कि कोई भी बडी सफलता केवल एक मजबूत टीम प्रयास से ही संभव है।
विद्यालय प्राचार्य रमेश वत्स ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों का हौसला बढाते हुए अपने संबोधन में कहा कि हमारे विद्यार्थी और शिक्षक हर साल अपनी मेहनत से इस बात का जीवंत प्रमाण देते हैं कि चिराग पब्लिक स्कूल की नींव कितनी मजबूत है।
इसके साथ ही प्राचार्य ने विद्यालय के अध्यापकगणों द्वारा इतनी व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भी सबकी मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को बेहद अनुशासित और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की व कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सबका आभार व्यक्त किया।
Share:

Comments

Leave a comment