गुरुग्राम आईटीआई में मारुति सुजुकी की एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब का शुभारंभ, छात्रों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

गुरुग्राम आईटीआई में मारुति सुजुकी की एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब का शुभारंभ, छात्रों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
मारुति सुजुकी द्वारा राजकीय आईटीआई गुरुग्राम में एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब आरंभ
प्रशिक्षुओं को उद्योग आधारित आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा
यहां प्रत्येक  वर्ष लगभग 350 विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
अप्रेंटिसशिप के लिए चयनित विद्यार्थियों को सौंपे गए ऑफर लेटर
गुरुग्राम /4 जून / अटल हिन्द ब्यूरो /फतह सिंह उजाला
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में प्रशिक्षुओं को आधुनिक एवं उद्योग आधारित कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) द्वारा स्थापित एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब का गुरुवार को शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (एचआर) सलील लाल मुख्य अतिथि तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक राजकुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने एमएसआईएल के अधिकारियों एवं आईटीआई प्रबंधन के साथ संयुक्त रूप से रिबन काटकर लैब का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने कहा कि मारुति सुजुकी के जापान-इंडिया इंस्टीट्यूट्स फॉर मैन्युफैक्चरिंग (जेआईएम) गुरुग्राम और सोनीपत में युवाओं को उद्योग विशेष उपकरणों एवं प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब पहल प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा देश के विनिर्माण क्षेत्र के लिए कुशल और रोजगारोन्मुख कार्यबल तैयार करने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अतिरिक्त निदेशक राजकुमार ने कहा कि राजकीय आईटीआई गुरुग्राम में एडवांस मैन्युफैक्चरिंग लैब की स्थापना युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक कौशल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इससे प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग को और मजबूती मिलेगी तथा प्रशिक्षुओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। संस्थान के प्रधानाचार्य रविंदर कुमार ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी दक्षता प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि एमएसआईएल द्वारा स्थापित इस अत्याधुनिक लैब में असेंबली लैब, पेंट लैब, न्यूमैटिक ट्रेनिंग लैब, वेल्ड लैब, सेफ्टी लैब तथा मशीन लैब सहित विभिन्न आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण प्रणालियां और उपकरण स्थापित किए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा और उनके कौशल में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों को मारुति सुजुकी में अप्रेंटिसशिप के लिए ऑफर लेटर भी प्रदान किए गए। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये विद्यार्थी कंपनी में अप्रेंटिस के रूप में कार्य करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए कंपनी प्रत्येक आईटीआई के शीर्ष पांच विद्यार्थियों को योग्यता आधारित छात्रवृत्ति भी प्रदान करती है।
इस लैब में प्रतिवर्ष लगभग 350 विद्यार्थियों को उद्योग से संबंधित आधुनिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) तरुण अग्रवाल, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) संजीव कुमार सिन्हा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्शन) अजय मेहंदीरत्ता, वाइस प्रेसिडेंट (एचआर) कृष्णा कुमार, वाइस प्रेसिडेंट (जेआईएम) आशीष माथुर, सीनियर जनरल मैनेजर (आईटीआई प्रोजेक्ट) समर खान, जनरल मैनेजर (जेआईएम) सिद्धार्थ सोनवर, संस्थान के अधिकारी, अनुदेशक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Share:

Comments

Leave a comment