जयपुर में डिजिदुकान एप लॉन्च-भजनलाल शर्मा बोले

www.atalhind.com19 June 20262 min read0 viewsराजस्थान
जयपुर में डिजिदुकान एप लॉन्च-भजनलाल शर्मा बोले

जयपुर/19 जून 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो/ दिनेश जांगिड़

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2015 में शुरू किया गया डिजिटल इंडिया अभियान आज वास्तविकता में बदल चुका है। उन्होंने कहा कि यूपीआई ने जहां डिजिटल भुगतान में क्रांति लाई है, वहीं ओएनडीसी (ONDC) अब डिजिटल व्यापार को नई मजबूती दे रहा है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित जयपुर व्यापार महासंघ के कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां ओएनडीसी आधारित डिजिदुकान एप का शुभारंभ किया गया।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार तकनीक, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) से खुदरा व्यापार, परिवहन और पर्यटन क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिल रहा है और स्थानीय व्यापारी अब डिजिटल माध्यम से करोड़ों ग्राहकों तक पहुंच बना पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की डिजिटल क्रांति का उदाहरण दुनिया भी देख रही है, जब विदेशी मेहमानों के सामने यूपीआई के माध्यम से छोटे दुकानदार को भुगतान किया गया था। उन्होंने कहा कि यूपीआई, जीएसटी नेटवर्क, जनधन योजना, डीबीटी और डिजिलॉकर जैसी पहलें भारत को मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्था बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिदुकान प्लेटफॉर्म से किराना और छोटे व्यापारी अपनी लागत घटाकर लाभ बढ़ा सकते हैं और डिजिटल ऑर्डर व कलेक्शन जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। यह प्रणाली व्यापार को पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और आधुनिक बनाएगी।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान सरकार व्यापार और निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है और व्यापारियों को तकनीक अपनाकर नए अवसरों का लाभ लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राजस्थान व्यापार और उद्यमिता की ऐतिहासिक भूमि रही है और राज्य के उद्यमियों ने वस्त्र, हस्तशिल्प और आभूषण जैसे क्षेत्रों में देश-विदेश में पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment