जयपुर में 2 मई को होगा “रंग दे गुलाबी” अभियान का आयोजन

www.atalhind.com28 April 20262 min read0 viewsराजस्थान
जयपुर में 2 मई को होगा “रंग दे गुलाबी” अभियान का आयोजन

जयपुर में एक ही दिन में शहर की 500 दीवारें रंगने का होगा प्रयास

जयपुर 28 अप्रैल 2026/अटल हिन्द ब्यूरो

 

नगर निगम जयपुर ने नवाचारों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम रखते हुए 2 मई को “रंग दे गुलाबी” अभियान की घोषणा की, इस अभियान के तहत देश में पहली बार एक ही दिन में 500 दीवारें रंगने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह पहल शहर की सुंदरता को नई पहचान देने के साथ-साथ जनभागीदारी का एक बड़ा उदाहरण बनेगी। नगर निगम सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर निगम आयुक्त ने इस महत्वाकांक्षी अभियान को जयपुर के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया।

आयुक्त ने बताया कि “सफाई सेवा मैराथन” से स्वच्छता की दिशा में मजबूत आधार स्थापित करने के बाद अब शहर को और अधिक आकर्षक और जीवंत बनाने की दिशा में यह अगला कदम है।

 

 

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि “रंग दे गुलाबी” केवल गुलाबी रंग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य गुलाबी नगरी जयपुर को विभिन्न रंगों से और अधिक सुंदर, सृजनात्मक और जीवंत बनाना है। शहर की दीवारों पर पारंपरिक गुलाबी के साथ-साथ आकर्षक और कलात्मक रंगों का उपयोग किया जाएगा, जिससे हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान के साथ उभरे और शहर की सांस्कृतिक विरासत का आधुनिक स्वरूप सामने आए।

इस अभियान में स्कूल, कॉलेज, एनजीओ, निजी संस्थाएं, कॉर्पोरेट समूह और आम नागरिक स्वेच्छा से भाग ले सकते हैं। विशेष रूप से पेंटिंग सेवाएं देने के इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं 7470651609 एवं 7878252518 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस अभियान के अंतर्गत चिन्हित सभी 500 दीवारों की जानकारी पेंटिंग से पहले और बाद में मीडिया एवं आमजन के साथ साझा की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम जयपुर ने सभी जयपुरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में भाग लेकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और रंगीन बनाने में अपना योगदान दें।

 

Share:

Comments

Leave a comment