कैथल जनगणना अभियान पहले दिन ही अव्यवस्थाओं में फंस गया

www.atalhind.com2 May 20264 min read0 viewsकैथल
कैथल जनगणना अभियान पहले दिन ही अव्यवस्थाओं में फंस गया

जनगणना अभियान पहले दिन ही अव्यवस्थाओं में फंस गया कैथल

 

अटल हिन्द/राजकुमार अग्रवाल 

कैथल /01 मई 2026 

कैथल जिले में शुक्रवार को शुरू हुए जनगणना अभियान का पहला दिन ही भारी अव्यवस्थाओं का शिकार हो गया। कई खंडों में प्रगणकों (इम्यूनेटरों) को आवश्यक किट नहीं मिल सकी, जबकि जहां किट पहुंची, वहां नक्शे इतने धुंधले थे कि कार्य क्षेत्र की पहचान करना मुश्किल हो गया।

नतीजतन, जमीनी स्तर पर गणना कार्य सुचारू रूप से शुरू नहीं हो पाया और बड़ी संख्या में कर्मचारी ड्यूटी पर रहते हुए भी घरों में ही बैठे रहे।सरकारी अवकाश का भी असर दिखा, जिस कारण कई स्थानों पर अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई दी।

संसाधनों की कमी पूंडरी और सीवन खंड में तैनात प्रगणकों ने बताया कि उन्हें अब तक जनगणना की जरूरी किट (फॉर्म, स्टेशनरी, नक्शे और दिशा-निर्देश) प्राप्त नहीं हुई है। बिना इन संसाधनों के घर-घर जाकर डेटा संग्रह करना असंभव है।

 

 

 

कलायत खंड में प्रशासन ने किट वितरित कर दी थी, लेकिन तकनीकी समस्याओं और समन्वय की कमी के चलते वास्तविक गणना कार्य शुरू नहीं हो सका। यहां प्रगणक नक्शों के आधार पर ड्राइंग तैयार करने में ही उलझे रहे, जिससे फील्ड वर्क पूरी तरह प्रभावित रहा।

 

चीका में नक्शों की समस्या चीका क्षेत्र में किट मिलने के बावजूद प्रगणकों को काम शुरू करने में बड़ी दिक्कत आई। विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए वार्ड और गांवों के नक्शे बेहद धुंधले हैं। गलियां और मकान साफ नजर नहीं आ रहे, जिससे क्षेत्र की सही पहचान और सीमांकन मुश्किल हो गया है। इससे डेटा की शुद्धता पर भी सवाल उठने की आशंका है।

 

लोगों का असहयोग और अफवाहों का प्रभाव कैथल खंड में जहां कुछ टीमें मैदान में उतरीं, वहां उन्हें स्थानीय लोगों की झिझक और असहयोग का सामना करना पड़ा। कई नागरिक निजी जानकारी देने से कतराते दिखे और पूछताछ के दौरान असहज महसूस कर रहे थे। अफवाहों और जागरूकता की कमी के कारण लोग अपनी जानकारी साझा करने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि, प्रगणकों द्वारा समझाने के बाद कुछ लोग सहयोग करने लगे हैं।

 

 

प्रशासन का बयान एसडीएम कैथल संजय कुमार ने कहा कि सभी खंड इंचार्जों को 30 अप्रैल की शाम तक आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई थी। प्रगणकों तक किट न पहुंचने के मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने जनगणना कार्य को प्राथमिकता के साथ गंभीरता से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

 

खंडवार शिक्षकों की ड्यूटी

खंड
कुल शिक्षक
ड्यूटी लगाई
सीवन
490
132
कलायत
630
150
राजौंद
554
49
कैथल
1556
595
पूंडरी
915
527
गुहला
559
296

जिले में जनगणना अभियान के लिए कुल 1840 प्रगणक और 330 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में मानव संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं और समन्वय की कमी ने पूरे अभियान की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment