कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आईआईएचएस में 2026-27 सत्र के दाखिले शुरू

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के आईआईएचएस में 2026-27 सत्र के दाखिले शुरू

कुवि आईआईएचएस में दाखिले की प्रक्रिया शुरू, 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन, मेरिट आधार पर होंगे प्रवेश


कुरुक्षेत्र/ 27 मई / अटल हिन्द ब्यूरो/ शशि अरोड़ा

 

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, ऑनर्स, इंटीग्रेटेड एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

 

संस्थान की प्राचार्या प्रो. रीटा ने बताया कि सभी प्रवेश पूरी तरह मेरिट आधार पर किए जाएंगे तथा किसी भी पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं होगी। इच्छुक विद्यार्थी 21 जून 2026 रात 11.59 बजे तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल तथा संस्थान की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

 

प्राचार्या प्रो. रीटा ने बताया कि आईआईएचएस द्वारा इस वर्ष अनेक बहुविषयक एवं स्किल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कार्यक्रमों में एमएससी बायोटेक्नोलॉजी तथा एमएससी ऑनर्स इकोनॉमिक्स में 20-20 सीटें निर्धारित की गई हैं। बीएससी फिजिकल साइंसेज (स्कीम-ए) में 280 सीटें उपलब्ध हैं,

 

जबकि बीएससी फिजिकल साइंसेज विद सिंगल मेजर (स्कीम-सी) के अंतर्गत फिजिक्स ऑनर्स की 40, केमिस्ट्री ऑनर्स की 20, कंप्यूटर साइंस ऑनर्स की 30 तथा मैथमेटिक्स ऑनर्स की 20 सीटें निर्धारित की गई हैं।  इसके साथ ही बीएससी लाइफ साइंसेज (स्कीम-ए) में 120 सीटें उपलब्ध हैं।

 

वहीं बीएससी लाइफ साइंसेज विद सिंगल मेजर (स्कीम-सी) में बॉटनी ऑनर्स, जूलॉजी ऑनर्स एवं बायो केमिस्ट्री ऑनर्स में 30-30 तथा केमिस्ट्री ऑनर्स में 20 सीटों पर दाखिले होंगे। बीए (स्कीम-ए) में कुल 450 सीटें निर्धारित की गई हैं। बीए विद सिंगल मेजर (स्कीम-सी) में इंग्लिश ऑनर्स की 30, हिंदी ऑनर्स की 20, हिस्ट्री ऑनर्स की 30, संस्कृत ऑनर्स की 20, इकोनॉमिक्स ऑनर्स की 30, साइकोलॉजी ऑनर्स की 30 तथा मैथमेटिक्स ऑनर्स की 20 सीटें उपलब्ध रहेंगी।

 

प्रो. रीटा ने बताया कि  इसके अतिरिक्त बीसीए, बीसीए (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस- स्कीम डी), बीकॉम, बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट तथा बीएससी होम साइंस जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में भी दाखिले किए जाएंगे।

 

बीसीए एवं बीसीए एआई में 60-60, बीकॉम में 120, बीटीटीएम में 45 तथा बीएससी होम साइंस में 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। संस्थान द्वारा स्किल एवं इंडस्ट्री आधारित कार्यक्रमों को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। बैचलर ऑफ वोकेशन इन मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी तथा बीएससी रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन में 50-50 सीटें उपलब्ध रहेंगी।

लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए अतिरिक्त स्पोर्ट्स सीटें, एनसीसी एवं एनएसएस के लिए अतिरिक्त सीटें, कश्मीरी प्रवासी एवं कश्मीरी पंडित परिवारों के लिए विशेष सीटें तथा अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए सुपरन्यूमेरेरी सीटों का प्रावधान भी किया गया है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों को “केजी टू पीजी” योजना के तहत सभी कार्यक्रमों में 15 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए विद्यार्थियों के पास परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, सक्रिय मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी होना अनिवार्य है। आवेदन भरते समय विद्यार्थियों को अपना नवीनतम फोटो, दसवीं एवं 10+2 की डीएमसी, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सॉफ्ट कॉपी तैयार रखनी होगी। इसके साथ ही एनसीसी, एनएसएस, खेल, ईएसएम, पीएच एवं यूएसएसएमएस श्रेणी के विद्यार्थियों को संबंधित प्रमाण पत्र भी अपलोड करने होंगे।

प्रो. पूनिया ने बताया कि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रॉस्पेक्टस शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि हरियाणा के एससी, बीसी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 125 रुपये रहेगा। विद्यार्थी अतिरिक्त 100 रुपये (सामान्य वर्ग) तथा 25 रुपये (एससी/बीसी/दिव्यांग हरियाणा) शुल्क देकर एक से अधिक पाठ्यक्रमों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

 

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर मूल दस्तावेजों सहित संस्थान परिसर में शारीरिक रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विषय चयन एवं प्रवेश की पुष्टि के बाद फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी। निर्धारित समय में फीस जमा न करने पर प्रवेश स्वतः रद्द माना जाएगा। प्रवेश से संबंधित किसी भी जानकारी या तकनीकी सहायता के लिए विद्यार्थी 01744-238049 पर संपर्क कर सकते हैं या [email protected]  पर ई-मेल भेज सकते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment