पत्रकार राजेन्द्र शर्मा को मिलेगा 2026 का ‘लोकजतन सम्मान, 24 जुलाई को भोपाल में होगा भव्य आयोजन

www.atalhind.com4 July 20262 min read0 viewsदिल्ली
पत्रकार राजेन्द्र शर्मा को मिलेगा 2026 का ‘लोकजतन सम्मान, 24 जुलाई को भोपाल में होगा भव्य आयोजन

लोकजतन सम्मान’ 2026: वरिष्ठ संपादक राजेन्द्र शर्मा होंगे सम्मानित, भोपाल में कार्यक्रम तय

नई दिल्ली /3 जुलाई 2026/ अटल हिन्द ब्यूरो

इस वर्ष का प्रतिष्ठित ‘लोकजतन सम्मान’ वरिष्ठ पत्रकार और संपादक राजेन्द्र शर्मा (नई दिल्ली) को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान हर वर्ष 24 जुलाई को ‘लोकजतन’ के संस्थापक-संपादक स्व. शैलेन्द्र शैली की जयंती के अवसर पर उन पत्रकारों को दिया जाता है, जो वर्तमान दौर में भी निर्भीकता के साथ सत्य लिखने का साहस कर रहे हैं।

पत्रकारिता का लंबा सफर राजेन्द्र शर्मा पिछले पांच दशकों से पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से शिक्षा पूर्ण करने के उपरांत 1979 में उन्होंने प्रतिबद्ध पत्रकारिता को अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने ‘लोकलहर’ के साथ अपने करियर की शुरुआत की और हरकिशन सिंह सुरजीत व सीताराम येचुरी के बाद अब वे इस पत्रिका के संपादक का दायित्व संभाल रहे हैं।

साहित्यिक और संपादकीय योगदान राजेन्द्र शर्मा केवल एक संपादक ही नहीं, बल्कि एक प्रखर लेखक भी हैं। उनके संपादन में 30 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘बहस अनंता’, ‘भूलने के विरुद्ध’ और ‘असत्य के प्रयोग’ शामिल हैं, जबकि ‘संस्कृति क्षेत्रे रणक्षेत्रे’ प्रकाशनाधीन है। वे देशबंधु, राष्ट्रीय सहारा, जनवाणी और न्यूज़क्लिक जैसे प्रमुख माध्यमों में नियमित स्तंभ लेखन करते हैं। ‘लोकजतन’ में भी उनके स्तंभ पाठकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। जटिल राजनीतिक विषयों को सरल, सहज और व्यंग्य की शैली में प्रस्तुत करना उनकी लेखनी की बड़ी विशेषता है।

परंपरा और सम्मान ‘लोकजतन सम्मान’ का उद्देश्य उन पत्रकारों को प्रोत्साहित करना है जो पत्रकारिता के चुनौतीपूर्ण दौर में सच का साथ नहीं छोड़ते। इस सम्मान से अब तक डॉ. राम विद्रोही, कमल शुक्ला, लज्जा शंकर हरदेनिया, अनुराग द्वारी, राकेश अचल, पलाश सुरजन और शहीद पत्रकार मुकेश चंद्राकर जैसी हस्तियों को नवाजा जा चुका है।

समारोह के विस्तृत विवरण और कार्यक्रम की रूपरेखा जल्द ही जारी की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment