नरवाना के कलोदा कलां में अवैध जल कनेक्शन पर कार्रवाई, “सेव वाटर अभियान” के तहत विभाग की बड़ी पहल

www.atalhind.com10 June 20262 min read0 viewsजींद
नरवाना के कलोदा कलां में अवैध जल कनेक्शन पर कार्रवाई, “सेव वाटर अभियान” के तहत विभाग की बड़ी पहल
कलोदा कलां में अवैध जल कनेक्शन काटे,
 ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए किया जागरूक :- कनिष्ठ अभियंता मनजीत बेलरखा
नरवाना/10 जून/ नरेंद्र जेठी 

 जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा गांव कलोदा कलां में अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध कनेक्शनों को हटाया गया तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पानी की बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का नेतृत्व कनिष्ठ अभियंता (JE) मनजीत बेलरखा द्वारा किया गयाजबकि टीम की अगुवाई खंड समन्वयक सुरेन्द्र कुमार ने की l इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि गर्मी के मौसम में पेयजल की मांग काफी बढ़ जाती है, इसलिए प्रत्येक उपभोक्ता का यह दायित्व है कि वह पानी का उपयोग आवश्यकतानुसार ही करे तथा अपने जल कनेक्शन पर टोंटी (Tap) लगाकर अनावश्यक जल बहाव को रोके।

JE मनजीत बेलरखा ने बताया कि कई स्थानों पर पानी संग्रहित करने के बाद भी कनेक्शन खुले छोड़ दिए जाते हैं, जिससे बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ बहता रहता है। इसी को रोकने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गांव में ”सेव वाटर अभियान” चलाया गया।

इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता (Executive Engineer) श्री प्रशांत सिलवानिया ने कहा कि जल संरक्षण केवल विभाग की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी उपभोक्ता पानी की बर्बादी रोकने में सहयोग करें तो गर्मी के मौसम में भी सभी गांवों तक पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अवैध जल कनेक्शन न लेने तथा विभाग के नियमों का पालन करने की अपील की।

वहीं उप मंडल अधिकारी (SDO) श्री कुलदीप कुहर ने कहा कि विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। जल की प्रत्येक बूंद बहुमूल्य है और इसके संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी का सदुपयोग करने तथा जल संरक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

ग्रामीणों ने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए जल संरक्षण के लिए सहयोग का आश्वासन दिया।

Share:

Comments

Leave a comment