पंचकूला में हाई कैलिबर बम का सफल परीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ ट्रायल

www.atalhind.com31 May 20262 min read0 viewsपंचकुला
पंचकूला में हाई कैलिबर बम का सफल परीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ ट्रायल

पंचकूला में हाई कैलिबर बम का सफल परीक्षण, सुरक्षा इंतजामों के बीच रहा सब कुछ सामान्य

पंचकूला /31 मई /अटल हिन्द ब्यूरो

पंचकूला जिले के रामगढ़ क्षेत्र में स्थित आईटीबीपी भानू के प्रतिबंधित वन क्षेत्र में रविवार को हाई कैलिबर बम का सफल परीक्षण किया गया। यह परीक्षण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई टर्मिनल बैलिस्टिक्स रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल), चंडीगढ़ द्वारा रामगढ़ रेंज में सुबह करीब 11:20 बजे किया गया। परीक्षण के दौरान और उसके बाद किसी भी प्रकार की अप्रिय या चिंताजनक स्थिति सामने नहीं आई तथा पूरा अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

डीआरडीओ द्वारा पहले ही अनुमान जताया गया था कि परीक्षण के दौरान विस्फोट से उत्पन्न छर्रे लगभग 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच सकते हैं। इसके चलते विस्फोट स्थल के आसपास करीब दो किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया था। भानू और बिल्ला गांव सहित आसपास के कई गांव इस संभावित स्प्लिंटर डेंजर जोन के अंतर्गत आते थे।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने पहले से ही विशेष एडवाइजरी जारी कर दी थी। लगातार सार्वजनिक घोषणाओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके कारण क्षेत्र के लोगों में सतर्कता बनी रही और किसी भी तरह की अनहोनी से बचाव सुनिश्चित किया गया।

रामगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी तेजिंदर पाल सिंह ने बताया कि टीबीआरएल द्वारा परीक्षण की पूर्व सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराई गई थी। सुरक्षा दृष्टि से गांव बिल्ला, माणिक्य, रामगढ़, नंगल, भानू और डबकोरी को विशेष निगरानी क्षेत्र में रखा गया था। इन गांवों के निवासियों को निर्धारित समय के दौरान घरों में रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई थी।

उन्होंने बताया कि टीबीआरएल रेंज में इस प्रकार के परीक्षण पहले भी किए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार सुरक्षा संबंधी विशेष अलर्ट जारी होने के कारण लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।

व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया

पंचकूला जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। लोगों से सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई थी। पुलिस टीमों ने गांवों में लगातार गश्त कर लोगों को सुरक्षा उपायों से अवगत कराया।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि पुलिस द्वारा ग्राम माणिक्य और बिल्ला स्थित गुरुद्वारा साहिब में सार्वजनिक अनाउंसमेंट कर ग्रामीणों को प्रस्तावित परीक्षण, सुरक्षा उपायों और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई थी। इसके अलावा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी गई ताकि परीक्षण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रही।

Share:

Comments

Leave a comment