पटौदी जाटोली मंडी परिषद चेयरमैन का आएगा परिणाम

www.atalhind.com10 March 20253 min read0 viewsगुरुग्राम
पटौदी जाटोली मंडी परिषद चेयरमैन का आएगा परिणाम
पटौदी जाटोली मंडी परिषद चेयरमैन का आएगा परिणाम
मतगणना के लिए टोटल 14 टेबल लगाकर संपन्न होगा मतगणना का कार्य
गवर्नमेंट कॉलेज जटौली आने जाने के मार्ग पर 12 को सुबह 6 से आवागमन बंद
अध्यक्ष परिणाम की घोषणा के बाद वार्ड सदस्यों के परिणाम किए जाएंगे घोषित
विजेता उम्मीदवारों को मतगणना केंद्र पर ही उपलब्ध होंगे प्रमाण पत्र
फतह सिंह उजाला
जटोली । पटौदी जाटोली मंडी परिषद चुनाव के उपरांत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को रखने के लिए गवर्नमेंट कॉलेज जटौली में ही स्ट्रांग रूम बनाया गया है । 12 मार्च बुधवार को कॉलेज परिसर में बनाए गए स्ट्रांग रूम में ही मतगणना का कार्य किया जाएगा। परिषद के चेयरमैन सहित वार्ड सदस्यों को मिले वोटो की गिनती के लिए टोटल 14 टेबल लगाई जाएगी। मतगणना अपने निर्धारित समय सुबह 8 बजे आरंभ होगी और लगभग 2 घंटे तक मतगणना का यह कार्य पूरा हो जाने की उम्मीद है। सबसे पहले अध्यक्ष पद के दावेदार उम्मीदवारों को मिले वोटो की गिनती के बाद विजेता उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी। चुनावी प्रक्रिया में सुचित्रा बनाए रखने के लिए मतगणना की वीडियो ग्राफी भी करवाई जाएगी। यह जानकारी पटौदी के एसडीएम एवं पटौदी जाटोली मंडी परिषद के चुनाव अधिकारी दिनेश लुहाच के द्वारा दी गई है।
उन्होंने बताया स्ट्रांग रूम पर निगरानी के लिए हर समय सुरक्षा बल मौजूद रहते हैं । 12 मार्च बुधवार को मतगणना होने वाले दिन गवर्नमेंट कॉलेज जटौली मतगणना केंद्र की तरफ आवागमन के लिए आम लोगों का आना-जाना पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। पटौदी से कुलाना सड़क मार्ग पर जाटोली कॉलेज जाने वाले मोड पर नाकाबंदी कर दी जाएगी। इसी प्रकार से महचाना की तरफ से आने वाले रास्ते पर भी मतगणना का कार्य पूरा होने तक आवागमन बंद रहेगा। चुनाव अधिकारी दिनेश लुहाच ने बताया 12 मार्च को सुबह 6 बजे से ही स्ट्रांग रूम अथवा मतगणना केंद्र की तरफ आम आदमी का आना-जाना पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। मतगणना केंद्र तक केवल और केवल चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार या फिर चुनाव कार्य से संबंधित कर्मचारी और उम्मीदवारों के अधिकृत एजेंट को ही आगे जाने की अनुमति होगी।
उन्होंने बताया चेयरमैन की मतगणना के बाद विजेता के नाम की घोषणा की जाएगी । इसके बाद ही पटौदी जाटोली मंडी परिषद के सभी 22 वार्ड में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को मिले वोट के विषय में जानकारी साझा की जाएगी। जिस भी उम्मीदवार को अपने-अपने वार्ड में सबसे अधिक वोट प्राप्त होंगे, निश्चित रूप से वही विजेता भी होगा। उन्होंने बताया मतगणना और विजेताओं की घोषणा के उपरांत मतगणना केंद्र में ही पटौदी जाटोली मंडी परिषद के नवनिर्वाचित चेयरमैनशिप सहित सभी पुरुष और महिला विजेता उम्मीदवारों को उनके प्रमाण पत्र भी उपलब्ध करवाए जाएंगे । निर्वाचन अधिकारी दिनेश लुहाच ने लोगों से अपील की है कि मतगणना के दिन अनावश्यक रूप से जरूरत से अधिक संख्या में पहुंचने से परहेज करते हुए शासन- प्रशासन को लोकतंत्र के इस पर्व में अपना अमूल्य योगदान प्रदान करें।
Share:

Comments

Leave a comment