रेवाड़ी ऑटो मार्केट के कर्मयोगियों की समस्याएं उठीं, सामाजिक सुरक्षा व सुविधाओं की जोरदार मांग

www.atalhind.com4 July 20262 min read0 viewsरेवाड़ी
रेवाड़ी ऑटो मार्केट के कर्मयोगियों की समस्याएं उठीं, सामाजिक सुरक्षा व सुविधाओं की जोरदार मांग

ऑटो मार्केट के मैकेनिक्स,हेल्पर्स की कठिनाइयों पर ध्यान दिए जाने की उठी जोरदार मांग

मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के दौरान लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों को ऑटोमोबाइल कर्मयोगियों ने बताईं अपनी ज्वलंत समस्याएं

ऑटोमोबाइल कर्मयोगियों की समस्याओं के तत्काल समाधान की जरूरत : अशोक प्रधान

रेवाड़ी /04 जुलाई 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो

जनहित में जारी ‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के तहत राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने स्थानीय डबल फाटक अंडरपास के समीप ऑटो मार्केट में कार्यरत कर्मयोगियों के साथ बैठक में उनकी समस्याएं जानीं । मंच के पदाधिकारियों से अपनी ज्वलंत समस्याएं सांझा करते हुए ऑटोमोबाइल कर्मयोगियों ने आवाज बुलंद करने का जोरदार आग्रह किया । उन्होंने सरकार से समाधान अनुरोध किया ।

राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान सहित कोर कमेटी के सदस्य राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, डॉ सुरेश कुमार,नंदलाल यादव को अपने बीच पाकर ऑटो मार्केट के श्रमिकों (कर्मयोगियों) ने बताया कि वे अधिकांशत: शिक्षित हैं । सरकारी रोजगार नहीं मिलने के कारण वे दोपहिया ऑटोमोबाइल्स के मैकेनिक,हेल्पर,स्पेयर पार्ट्स वेंडर,इलेक्ट्रीशियन,पेंटर,वॉशरमैन आदि कार्यों में दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं ।

 

मगर घटती इनकम,बढ़ती महंगाई तथा सामाजिक सुरक्षा-सहायता के अभाव में उनका,उनके परिवारों का गुजारा बहुत मुश्किल हो रहा है ।ऑटो मार्केट में नागरिक सुविधाओं का भी नितांत अभाव है । इस अवसर पर प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि उनकी कठिनाइयों को लेकर जनहित में प्रदेश के श्रम मंत्री,समाज कल्याण मंत्री, मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगे ।

उन्होंने कहा कि जनहित में सरकार को इन कर्मयोगियों को पहचान पत्र,उनको व उनके परिजनों को बस-ट्रेन-एरोप्लेन के यात्रा किरायों में 50% तक छूट,हर कर्मयोगी का एक करोड़ रुपए का नि:शुल्क व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा ,परिवार सहित 50 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य बीमा की निःशुल्क पॉलिसी,ऑटो मार्केट में मेडिकल केयर यूनिट (फर्स्ट एड सेंटर) खोलने,

 

जरूरतमंद कर्मयोगियों को आवास,वाहन, दुकान,वर्कशॉप खोलने- विस्तार आदि के लिए 20 लाख से 20 करोड रुपए तक का ब्याजमुक्त लोन 20% सरकारी सब्सिडी के साथ लॉन्ग टर्म के लिए दिया जाने,हर महिला-पुरुष कर्मयोगी को क्रमश: 58 व 60 वर्ष की आयु होने अथवा इससे पूर्व दुर्घटना का शिकार या गंभीर रूप से बीमार होने पर प्रतिमाह ₹30000 की सामाजिक सुरक्षा पेंशन

 

देेने,’कर्मयोगी हॉस्टल्स’ बनाकर ₹200 प्रतिमाह किराये पर जरूरतमंद कर्मयोगियों को सपरिवार आवास सुविधा देने,मार्केट में अटल कैंटीन खोलने ,वर्ष में 2 बार सपरिवार मेडिकल चेकअप की निःशुल्क सुविधा,बच्चों की एजुकेशन-विवाह तथा पत्नी की डिलीवरी पर आर्थिक सहायता,टूलकिट- सहायक उपकरणों की खरीद के लिए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता,

 

गंभीर बीमारी में कर्मयोगियों व उनके परिवारजनों का संपूर्ण इलाज निःशुल्क उपलब्ध कराने पर तुरंत विचार करना चाहिए । अति व्यस्ततम इस मार्केट में लोगों के लिए नि:शुल्क बिजली-पानी की सुविधायुक्त शैड,शौचालय-मूत्रालय सहित पेयजल व्यवस्था जल्द उपलब्ध करानी चाहिए ।

Share:

Comments

Leave a comment