रोहतक सेक्टर-3 में एक्सिस बैंक वाली बिल्डिंग की छत पर रेस्टोरेंट में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

www.atalhind.com21 June 20261 min read0 viewsरोहतक
रोहतक सेक्टर-3 में एक्सिस बैंक वाली बिल्डिंग की छत पर रेस्टोरेंट में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

रोहतक सेक्टर-3 में रेस्टोरेंट की छत पर भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

रोहतक /21 जून 2026 अटल हिन्द ब्यूरो

रोहतक शहर के सेक्टर-3 स्थित व्यस्त मार्केट में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक्सिस बैंक वाली बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित एक रेस्टोरेंट की छत पर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में काले धुएं और तेज लपटों ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना के वक्त बिल्डिंग के ग्राउंड और पहली मंजिल पर जिम सहित अन्य प्रतिष्ठान भी संचालित हो रहे थे। आग लगते ही कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए पूरी बिल्डिंग को तुरंत खाली करा दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग इतनी तेज थी कि पास ही स्थित एक लाइब्रेरी के हिस्से तक लपटें पहुंच गईं और वहां लगे पीवीसी पैनल भी जलने लगे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट की छत पर लगे भारी एसी यूनिट्स में ओवरलोडिंग के कारण स्पार्किंग हुई, जिससे आग भड़क गई। हालांकि, फायर विभाग की तकनीकी टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पिछले कुछ दिनों में रोहतक में लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोग चिंतित हैं। कुछ ही दिनों में यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और फायर एनओसी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment