रोहतक में भीषण अग्निकांड, 10 दुकानें चपेट में; दो शव बरामद

www.atalhind.com9 June 20262 min read0 viewsरोहतक
रोहतक में भीषण अग्निकांड, 10 दुकानें चपेट में; दो शव बरामद

रोहतक/10 जून/अटल हिन्द ब्यूरो 

हरियाणा के रोहतक शहर में मंगलवार दोपहर एक जूते के शोरूम में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। डी-पार्क क्षेत्र स्थित शोरूम से शुरू हुई आग आसपास की करीब 10 दुकानों तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे शोरूम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि धुएं के घने गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे थे।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए रोहतक के अलावा जींद, भिवानी, झज्जर, बहादुरगढ़ और गोहाना से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। राहत एवं बचाव कार्य में एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया।

घटनास्थल पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित तथा रोहतक रेंज के आईजी सिमरनदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और स्थिति की लगातार निगरानी करते रहे। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर देर से पहुंचीं, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। वहीं कुछ लोगों ने अपने परिजनों के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई।

हादसे की सूचना मिलने पर रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की और प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। दीपेंद्र हुड्डा ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

रोहतक रेंज के आईजी सिमरनदीप सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों से मंगाई गई अतिरिक्त दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाना, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित जनहानि को रोकना है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Share:

Comments

Leave a comment