SBI पल्लू शाखा में 9 करोड़ फर्जी फसल बीमा घोटाला उजागर

www.atalhind.com7 May 20262 min read0 viewsराजस्थान
SBI पल्लू शाखा में 9 करोड़ फर्जी फसल बीमा घोटाला उजागर

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अचानक बैंक शाखा पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें 162 संदिग्ध खातों और फर्जी किसान रिकॉर्ड का खुलासा हुआ।

हनुमानगढ़ / 7 मई / अटल हिन्द ब्यूरो /दिनेश कुमार

हनुमानगढ़ जिले के पल्लू कस्बे स्थित SBI शाखा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत करीब 9 करोड़ रुपये के कथित फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है।

कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा अचानक शाखा पहुंचे और बैंक रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच के दौरान लगभग 9 करोड़ रुपये के संदिग्ध बीमा क्लेम का खुलासा हुआ, जिसे जारी होने से पहले रोक दिया गया।

मंत्री ने बैंक अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित दस्तावेज तलब किए। लंबे समय तक चले रिकॉर्ड जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 162 बाहरी व्यक्तियों के बचत खाते खोलकर उन्हें बैंक रिकॉर्ड में “ऋणी किसान” बताया गया और खरीफ 2025 के लिए मूंगफली फसल का बीमा कराया गया।

आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में फर्जी खसरा नंबर, मुरब्बा नंबर और कृषि भूमि रिकॉर्ड का गलत इस्तेमाल किया गया।

मंत्री ने बताया कि कई नाम ऐसे हैं जिनका पल्लू क्षेत्र से कोई संबंध नहीं है, जबकि कुछ लोग बीकानेर और अन्य राज्यों से जुड़े पाए गए हैं।

गजनेर तहसील प्रशासन की रिपोर्ट में भी स्पष्ट हुआ कि सूची में शामिल लोगों के नाम पर संबंधित गांवों में कोई भूमि दर्ज नहीं है और दस्तावेज फर्जी हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि कई किसानों की जमाबंदी बैंक रिकॉर्ड में मौजूद नहीं थी, फिर भी उन्हें ऋणी किसान मानकर बीमा प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

कृषि मंत्री ने शाखा प्रबंधक से सीधे सवाल किए, लेकिन बैंक भूमि रिकॉर्ड और जमाबंदी प्रस्तुत नहीं कर सका।

उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए है, लेकिन कुछ लोग इसे लूट का माध्यम बना रहे हैं। दोषियों पर नामजद FIR दर्ज होगी और खातों की जांच होगी।

बैंक मैनेजर ने दावा किया कि आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग हुआ, लेकिन मंत्री ने इस पर सवाल उठाते हुए बैंक सुरक्षा व्यवस्था को गंभीर बताया।

Share:

Comments

Leave a comment