सोनीपत नगर निगम चुनाव 2026: 264 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

www.atalhind.com9 May 20262 min read0 viewsसोनीपत
सोनीपत नगर निगम चुनाव 2026: 264 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

नगर निगम चुनाव : मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना  

22 वार्डों में 02 लाख 96 हजार 45 मतदाता मेयर एवं पार्षद पद के उम्मीदवारों के भाग्य का करेंगे फैसला

नगर निगम चुनाव के लिए बनाए गए 264 मतदान केंद्र

सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं के किए गए व्यापक प्रबंध

 

सोनीपत/ 9 मई / अटल हिन्द ब्यूरो /रणबीर सिंह रोहिल्ला, 

 

नगर निगम आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए शनिवार को बिट्स मोहाना से पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।

 

 

इस दौरान चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कर्मचारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि नगर निगम चुनाव के अंतर्गत जिले में कुल 264 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं,

 

 

जहां मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

 

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं।मतदान कर्मियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के संचालन, मतदान प्रक्रिया तथा मतदाताओं की सुविधा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

 

 

उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों में कुल दो लाख 96 हजार 45 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मेयर व निगम पार्षद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।इनमें एक लाख 53 हजार 380 पुरुष मतदाता, एक लाख 42 हजार 658 महिला मतदाता तथा 07 अन्य मतदाता शामिल हैं।

 

 

 उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सभी मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें तथा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने में प्रशासन का सहयोग करें।

 

 

उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment