तरावड़ी के नरसिंह दास पब्लिक स्कूल में बच्चों ने डा. भीमराव अंबेडकर को अर्पित किए श्रद्धासुमन

www.atalhind.com15 April 20261 min read0 viewsकरनाल
तरावड़ी के नरसिंह दास पब्लिक स्कूल में बच्चों ने डा. भीमराव अंबेडकर को अर्पित किए श्रद्धासुमन

निर्देशक धमेंद्र खेड़ा बोले :  समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के आदर्श
तरावड़ी, 15 अप्रैल (रोहित लामसर)।

नरसिंह दास पब्लिक स्कूल तरावड़ी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने से हुई। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र खेड़ा, सुनीता गाबा, मुनीष मित्तल, अमन तथा दिनेश राणा ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और देश व समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कक्षा छठी, दसवीं एवं ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं रणदीप, जीविका, जैस्मिन, गुरकीरन, मिशिता आदि ने उनके विचारों को प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंबेडकर के प्रेरणादायक विचार शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो तथा मुझे वह धर्म पसंद है जो स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सिखाता है को विशेष रूप से याद किया गया। विद्यालय के निदेशक धर्मेंद्र खेड़ा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि शिक्षा ही समाज में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। हमें उनके आदर्शों को अपनाते हुए एक समतामूलक और जागरूक समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही कल का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा उनके बताए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।

Share:

Comments

Leave a comment